महिला आरक्षण बिल पास न होने पर अपर्णा यादव का तीखा विरोध, लखनऊ में जलाया सपा-कांग्रेस का झंडा

by real4newsdesk
महिला आरक्षण बिल पास न होने पर अपर्णा यादव का तीखा विरोध, लखनऊ में जलाया सपा-कांग्रेस का झंडा

लखनऊ: लोकसभा में महिला आरक्षण संशोधन बिल (नारी शक्ति वंदन अधिनियम) पास न हो पाने के बाद भाजपा नेता और उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने देर रात जोरदार प्रदर्शन किया।

शुक्रवार रात करीब 12 बजे विधान भवन के बाहर बीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के झंडे जलाए। इस दौरान नारेबाजी भी की गई और विपक्ष पर महिलाओं के अधिकारों के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया।

अपर्णा यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा कि आज इस अंधेरी रात में वे दुर्योधन और दुश्शासन रूपी राजनीतिक पार्टियों का झंडा जलाकर सम्पूर्ण भारतीय नारी शक्ति की अस्मिता की ज्योति जलाने आई हैं। एक नारी होकर अगर वे चुप रह जातीं तो उनकी अंतरात्मा उन्हें कभी माफ नहीं करती।

उन्होंने आगे कहा कि इस प्रदर्शन के जरिए वे इन विधर्मियों को बताना चाहती हैं कि भारतीय नारी के अधिकारों का विरोध उन्हें अपने पूर्ण नाश से चुकाना पड़ेगा। देश की मातृ शक्ति और पूरा देश इन कलयुगी दुश्शासनों को कभी माफ नहीं करेगा।

अपर्णा यादव ने अटल बिहारी वाजपेयी के प्रसिद्ध कथन का जिक्र करते हुए कहा, “काली रात है, सूरज उगेगा और फिर से कमल खिलेगा।” उन्होंने दावा किया कि महिला आरक्षण बिल का विरोध करने वाली पार्टियां भी जनता के गुस्से का शिकार होंगी और समय के साथ खत्म हो जाएंगी।

यह घटना महिला आरक्षण बिल पर विपक्ष के रुख को लेकर भाजपा की आक्रामक प्रतिक्रिया के तौर पर देखी जा रही है। अपर्णा यादव ने इस पूरे विरोध का वीडियो भी शेयर किया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।


real4newsdesk

real4newsdesk