गुरुग्राम में साहित्य और स्वास्थ्य का मिला अनूठा मंच, सिल्वर स्ट्रीक हॉस्पिटल ने मानसून फर्स्ट एड पर किया जागरूक
गुरुग्राम, 27 जुलाई: किताबों, विचारों और संवाद के बीच जब स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश भी जुड़ जाए, तो आयोजन केवल एक साहित्यिक उत्सव नहीं बल्कि समाज के लिए सीख का मंच बन जाता है। गुरुग्राम में आयोजित 'रीडर्स एंड राइटर्स लिटरेचर फेस्टिवल 2026' में कुछ ऐसा ही देखने को मिला, जहां साहित्य के साथ-साथ स्वास्थ्य को भी बराबर महत्व दिया गया।
इस आयोजन में इन्वेस्ट एन जॉय, वी वूमेन, कार्यशाला फाउंडेशन, हेल्थ फैक्ट्स, सिल्वर स्ट्रीक मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल तथा वी वूमेन लिटरेरी सर्कल ने मिलकर सहभागिता की। कार्यक्रम में शहर के साहित्यकारों, लेखकों, शिक्षाविदों, चिकित्सकों और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान सिल्वर स्ट्रीक हॉस्पिटल की ओर से मानसून के मौसम को ध्यान में रखते हुए 'फर्स्ट एड अवेयरनेस सेशन' भी आयोजित किया गया। इस सत्र में उपस्थित लोगों को घर, सड़क और कार्यस्थल पर होने वाली छोटी-बड़ी आपात स्थितियों में प्राथमिक उपचार देने के सही तरीके, बरसात के दौरान होने वाले संक्रमणों से बचाव तथा समय पर चिकित्सा सहायता लेने के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।
इस अवसर पर सिल्वर स्ट्रीक हॉस्पिटल के संस्थापक, प्रबंध निदेशक एवं वरिष्ठ न्यूरोसर्जन डॉ. वी. के. गुप्ता ने कहा, "एक स्वस्थ समाज केवल बेहतर इलाज से नहीं, बल्कि जागरूकता से बनता है। साहित्य मन को समृद्ध करता है और स्वास्थ्य शरीर को सशक्त बनाता है। जब ये दोनों एक मंच पर आते हैं तो समाज को सकारात्मक दिशा मिलती है। मानसून के दौरान छोटी-सी लापरवाही भी बड़ी स्वास्थ्य समस्या बन सकती है। इसलिए प्राथमिक उपचार की जानकारी हर व्यक्ति के पास होनी चाहिए। सिल्वर स्ट्रीक हॉस्पिटल का प्रयास उपचार करने के साथ ही, लोगों को समय रहते जागरूक और सुरक्षित बनाना भी है।"
डॉ. गुप्ता ने कहा कि अस्पताल भविष्य में भी ऐसे सामाजिक, शैक्षणिक और जन-जागरूकता कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाता रहेगा, ताकि लोगों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य संबंधी जानकारी सरल और प्रभावी तरीके से पहुंचाई जा सके।
कार्यक्रम में साहित्य, विचार-विमर्श और स्वास्थ्य जागरूकता का सुंदर समन्वय देखने को मिला। प्रतिभागियों ने फर्स्ट एड अवेयरनेस सत्र को उपयोगी बताते हुए इसकी सराहना की और कहा कि ऐसी पहलें समाज को अधिक जागरूक और सुरक्षित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।